फलका। फलका थाना क्षेत्र के रहटा पंचायत अंतर्गत बरकीबाड़ी गांव निवासी 30 वर्षीय सोमाय किस्कू का शव ग्यारहवें दिन बरंडी नदी से बरामद किया गया। शव मांगनपट्टी गांव के समीप ब्रांडे घाट से मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जिला परिषद प्रतिनिधि, मुखिया राजेश कुमार रंजन और सरपंच चंदन कुमार मंडल को दी। जनप्रतिनिधियों ने घटना की जानकारी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव मिलने की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया गया कि सोमाय किस्कू 11 दिन पूर्व बरंडी नदी पार करने के दौरान गड़ैया घाट के समीप तेज धार में बह गया था। घटना के बाद से एसडीआरएफ, स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से लगातार खोजबीन की जा रही थी। गड़ैया घाट से मोरसंडा होते हुए नेसुंदरा पुल तक नदी के विभिन्न हिस्सों में मोटरबोट से भी तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कई दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।
मुआवजे की मांग
शव बरामद होने के बाद जिला परिषद प्रतिनिधि, मुखिया राजेश कुमार रंजन और सरपंच चंदन कुमार मंडल ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा देने की मांग की। मुखिया ने कहा कि घटना के बाद से ही प्रशासन और ग्रामीणों की मदद से सोमाय की तलाश की जा रही थी। ग्यारहवें दिन उसका शव बरामद हुआ है। उन्होंने जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।
सरपंच चंदन कुमार मंडल ने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। सरकार के प्रावधान के अनुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Post a Comment