बहुचर्चित महजबी खातून हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए पड़ोस में रहने वाले 23 वर्षीय युवक सिमनान उर्फ साह समिनान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वैज्ञानिक अनुसंधान और पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आवश्यक पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
शनिवार को एसडीपीओ खुसरू सिराज ने बताया कि गत 10 अक्टूबर को बहादुरगंज थाना क्षेत्र के नटुआपाड़ा वार्ड संख्या 14 निवासी महजबी खातून (46), पति मुजाहिर आलम, अपने घर में मृत पाई गई थीं। घटना के समय वह घर में अकेली थीं। शव की स्थिति देखकर प्रथमदृष्टया मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी।
सूचना मिलते ही बहादुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए। मृतका की बेटी के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने मृतका के पड़ोसी सिमनान उर्फ साह समिनान (23), पिता अब्दुल खालीक को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि महजबी खातून से उसकी पिछले एक वर्ष से जान-पहचान थी और दोनों के बीच मिलना-जुलना होता था। गत 5 अक्टूबर की रात महजबी ने उसे फोन कर घर बुलाया था। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया और अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया था। हालांकि, पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए उसे गिरफ्तार कर लिया।
Post a Comment