Top News

बैंक से निकाले ढाई लाख रुपये बाइक की डिक्की से चोरी, पुलिस ने पूरी रकम की बरामद


बैंक से रुपये निकालकर मोटरसाइकिल की डिक्की में रखना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। अज्ञात चोर ने डिक्की से ढाई लाख रुपये समेत जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। हालांकि, बारसोई पुलिस ने रौतारा पुलिस के सहयोग से चोरी की गई पूरी राशि बरामद कर ली है। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

घटना 9 अक्टूबर 2026 की है। कचना थाना क्षेत्र के फुहागांव निवासी हसीबुर रहमान (50) ने एसबीआई की बारसोई शाखा से दोपहर करीब एक बजे 2.50 लाख रुपये निकाले थे। रुपये मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर वह मॉल के अंदर चले गए। करीब 1:55 बजे लौटने पर डिक्की खुली मिली। उसमें रखे रुपये के अलावा पासबुक, चेकबुक, आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र भी गायब थे।

पीड़ित के आवेदन पर बारसोई थाना में कांड संख्या 190/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान बारसोई थानाध्यक्ष ने रौतारा थानाध्यक्ष के सहयोग से कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर से चोरी की गई पूरी ढाई लाख रुपये की राशि बरामद कर ली। हालांकि, आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post