Top News

मनहरा चौक पर भीषण अगलगी, आठ दुकानें जलकर राख


मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र की सिंगयान पंचायत स्थित मनहरा चौक पर शनिवार की रात करीब 7:30 बजे शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। टिन शेड और कच्चे ढांचे में संचालित दुकानों में आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते करीब आठ दुकानें आग की चपेट में आ गईं। घटना के बाद चौक पर अफरा-तफरी मच गई।

अग्निकांड में हरिपुरकला निवासी सिंटू कुमार यादव की श्रृंगार दुकान का करीब 1.50 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। वहीं, जितेंद्र कुमार साह के मिष्ठान भंडार में रखी चीनी, रिफाइन और मिठाई समेत करीब 1.50 लाख रुपये की सामग्री नष्ट हो गई। मनहरा वार्ड संख्या-9 निवासी सावित्री देवी के जनरल स्टोर का भी करीब 1.50 लाख रुपये का सामान जल गया।

इसके अलावा सिंगयान वार्ड संख्या-9 निवासी शशि यादव की फल-सब्जी दुकान में रखा करीब 50 हजार रुपये का सामान और ग्रामीण चिकित्सक रामशरण कुमार की दवा दुकान में रखी करीब 50 हजार रुपये की दवाइयां आग की भेंट चढ़ गईं। मकान मालिक परमानंद यादव एवं असरफी यादव के दो कमरों में रखा फर्नीचर भी पूरी तरह जल गया।

**ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने पाया आग पर काबू**

आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो चुकी थी।

**राजस्व कर्मचारी ने शुरू की क्षति का आकलन**

अंचलाधिकारी किसलय कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही स्थल जांच के लिए राजस्व कर्मचारी को भेजा गया है। नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post