हसनपुर रोड रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तत्परता और ईमानदारी से एक यात्री को ट्रेन में छूटा 1 लाख 20 हजार रुपये नकद से भरा बैग सुरक्षित वापस मिल गया। रविवार को आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद आरपीएफ ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बैग और नकदी यात्री को सौंप दी। रुपये वापस मिलने पर यात्री ने राहत की सांस ली और आरपीएफ की कार्यशैली की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, हसनपुर थाना क्षेत्र के खोरी भटवन निवासी मुकेश कुमार महतो (37) 10 अक्टूबर की शाम ट्रेन संख्या 55566 डाउन से हसनपुर से खगड़िया जा रहे थे। इसी दौरान गढ़पुरा स्टेशन पर ट्रेन रुकने के समय उन्हें घर से सूचना मिली कि करंट लगने से उनकी गाय की मौत हो गई है। इस खबर से वह विचलित हो गए और गढ़पुरा स्टेशन पर उतरकर ट्रेन संख्या 63345 अप से वापस हसनपुर लौट आए। इस दौरान उनका काले और लाल रंग का पिट्ठू बैग ट्रेन संख्या 55566 डाउन में ही छूट गया। बैग में 1.20 लाख रुपये नकद रखे थे।
हसनपुर रोड आरपीएफ ओपी पहुंचकर मुकेश ने बैग छूटने की सूचना दी। इसके बाद सहायक उपनिरीक्षक संजीत प्रसाद के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। सलौना स्टेशन पर तैनात प्रधान आरक्षी अश्विनी कुमार ने ट्रेन के शाम करीब 7:18 बजे पहुंचने पर तलाशी ली। इस दौरान 'राज श्री' लिखा काले और लाल रंग का बैग बरामद हुआ, जिसमें नकदी सुरक्षित थी।
वीडियो कॉल के माध्यम से यात्री से बैग की पहचान कराई गई। जांच में बैग और उसमें रखी नकदी मुकेश कुमार महतो की पाई गई।
रविवार, 11 अक्टूबर को स्वतंत्र गवाह बिटु कुमार, निवासी तेघरा, जिला बेगूसराय और जय प्रकाश कुमार, निवासी भटवन, थाना हसनपुर, की मौजूदगी में बैग और उसमें रखे पूरे 1 लाख 20 हजार रुपये यात्री को सौंप दिए गए। इस संबंध में सुपुर्दगीनामा भी तैयार किया गया।
आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई से यात्री को उसकी नकदी सुरक्षित वापस मिल गई। घटना ने रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता और यात्रियों की सहायता के प्रति उसकी जिम्मेदारी को रेखांकित किया।
Post a Comment