Top News

व्यवसायियों को एसपी की दो टूक—दुकानों के बाहर लगाएं CCTV, संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत दें सूचना


शहर में व्यवसायियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने और पुलिस-व्यवसायी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने सोमवार को पुलिस सभागार में करीब 60 व्यवसायियों के साथ संवाद गोष्ठी की। व्यवसायियों ने अपनी समस्याएं एसपी के समक्ष रखीं, जिनके समाधान को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

एसपी ने कहा कि सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में व्यवसायियों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर पर्याप्त रोशनी के साथ सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। इससे अपराध की रोकथाम और घटनाओं के बाद अपराधियों की पहचान में मदद मिलेगी। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया।

व्यवसायियों की मांग पर शहर में यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुधारने को लेकर डीएसपी यातायात को निर्देश दिए गए। प्रतिष्ठान व मॉल संचालकों से ग्राहकों के वाहनों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था करने को कहा गया।

बैठक में साइबर ठगी से बचाव को लेकर भी व्यवसायियों को जागरूक किया गया। अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और APK फाइल से सावधान रहने तथा ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। एसपी ने साइबर पुलिस को भी व्यवसायियों को साइबर फ्रॉड से बचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post