पूर्णिया। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) ने नये क्रिकेट सत्र के लिए विभिन्न चयन समितियों की घोषणा कर दी है। इसमें पूर्णिया जिले के धमदाहा प्रखंड अंतर्गत रूपसपुर चंदुआ निवासी और झारखंड के पूर्व रणजी कप्तान मनीष वर्धन को झारखंड सीनियर पुरुष क्रिकेट चयन समिति का चेयरमैन बनाया गया है। मनीष वर्धन को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से धमदाहा सहित पूरे पूर्णिया जिले के खेलप्रेमियों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
जेएससीए की ओर से जारी घोषणा के बाद अब मनीष वर्धन झारखंड सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम के लिए खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। लंबे समय तक क्रिकेट से जुड़े रहे मनीष वर्धन स्वयं झारखंड के लिए रणजी क्रिकेट खेल चुके हैं और टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। उनके अनुभव और क्रिकेट की गहरी समझ को देखते हुए उन्हें चयन समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अंडर-16 से दिलीप ट्रॉफी तक बनाई पहचान
मनीष वर्धन ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत पूर्णिया से की। उन्होंने इंदिरा गांधी स्टेडियम, डीएसए ग्राउंड और जिला स्कूल खेल मैदान से क्रिकेट खेलना शुरू किया। पूर्णिया जिला क्रिकेट संघ से जुड़े क्लब के माध्यम से उन्होंने अपनी प्रतिभा को निखारा और बिहार के लिए जूनियर स्तर पर क्रिकेट खेला। अंडर-16 से लेकर दिलीप ट्रॉफी तक उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
15 नवंबर 2000 को बिहार-झारखंड के विभाजन के बाद मनीष वर्धन झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से खेलने लगे। आगे चलकर उन्होंने झारखंड की रणजी टीम का प्रतिनिधित्व किया और कप्तानी की जिम्मेदारी भी संभाली। उनके नेतृत्व में झारखंड रणजी टीम में महेंद्र सिंह धोनी भी खेल चुके हैं।
अब खिलाड़ी से चयनकर्ता तक का सफर तय करते हुए मनीष वर्धन को झारखंड सीनियर पुरुष चयन समिति का प्रमुख बनाया गया है। उनकी नई जिम्मेदारी में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर मजबूत टीम तैयार करने में अहम भूमिका निभाना शामिल होगा।
मनीष वर्धन पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और महान साहित्यकार डॉ. लक्ष्मी नारायण सुधांशु के पौत्र हैं। उनके चयन समिति का चेयरमैन बनने की खबर से धमदाहा और पूर्णिया के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। स्थानीय खेलप्रेमियों ने इसे पूर्णिया जिले के लिए गौरव का क्षण बताते हुए उम्मीद जताई कि मनीष वर्धन अपने अनुभव और क्रिकेट की समझ से झारखंड क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देंगे।
Post a Comment