Top News

जीएमसीएच में भर्ती मरीज को मिला रक्त, डीएसपी ने किया सहयोग


 मानव सेवा के संकल्प के साथ विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ की ओर से जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने का अभियान जारी है। इसी क्रम में संगठन ने जीएमसीएच, पूर्णिया में इलाजरत अशोक राय के लिए ए पॉजिटिव रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग किया।

संगठन के सदस्य राजेश मलिक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी को बताया कि उनके मित्र विनय कुमार कामती के ससुर अशोक राय, निवासी बिंद टोली, मरंगा का जीएमसीएच में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनका लीवर खराब हो चुका है और उन्हें तत्काल ए पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता थी।

सूचना मिलने पर आशीष गोस्वामी ने पूर्णिया सदर डीएसपी अभिनव पाराशर से संपर्क किया। डीएसपी ने बताया कि कुछ माह पूर्व उन्होंने रक्तदान शिविर में रक्तदान किया था, जिसका रक्त पूर्णिया अस्पताल के ब्लड बैंक में उपलब्ध था। मरीज की जरूरत की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल अपने रक्त की ओटीपी उपलब्ध कराई, जिससे मरीज के लिए रक्त प्राप्त करने में संगठन को सहायता मिली।

संगठन ने बताया कि अररिया के अनुमंडल पदाधिकारी श्वेतम दीक्षित भी पूर्व में एक गर्भवती महिला के लिए रक्तदान कर चुके हैं। उनका रक्त भी पूर्णिया के ब्लड बैंक में उपलब्ध था और उन्होंने जरूरत पड़ने पर संगठन को सहयोग का भरोसा दिया था।

आशीष गोस्वामी ने कहा कि संगठन लंबे समय से रक्तदान और जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने के अभियान में सक्रिय है। उन्होंने प्रशासन के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि बेहतर समन्वय के साथ आगे भी जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।

मौके पर राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी राकेश सिंह, विकी गोस्वामी, विनय कुमार, छोटू राय, नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post