Top News

शल मीडिया वीडियो से हुई मृतक की पहचान, सदर अस्पताल में पत्नी की चीख से गमगीन हुए लोग


बहादुरगंज। थाना क्षेत्र के एलआरपी और दारूलउलूम चौक के बीच एनएच-327ई पर हसीब धर्मकांटा के समीप मंगलवार रात तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साइकिल के परखच्चे उड़ गए।

घटना के बाद टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायल बाइक सवार को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन साइकिल सवार की तब तक मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल पहचान नहीं होने पर शव को अज्ञात मानते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घायल बाइक सवार को स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

इधर, घटना का फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने मृतक की पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी 40 वर्षीय सुरेश कुमार सिंह के रूप में की। इसके बाद परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी छोटे-छोटे बच्चों और अन्य परिजनों के साथ सदर अस्पताल पहुंची। शव देखते ही पत्नी और परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात सुरेश बहादुरगंज से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।

परिजनों ने बताया कि सुरेश परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी अचानक मौत के बाद पत्नी और छोटे बच्चों के सामने परिवार चलाने और भविष्य को लेकर बड़ी चिंता खड़ी हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। रोते-बिलखते परिजन शव लेकर घर लौट गए।

Post a Comment

Previous Post Next Post