Top News

आंधी-बारिश से किशनगंज में जलजमाव, कई इलाकों में बिजली बाधित

 रविवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। करीब 12 बजे के बाद आसमान में काले बादल छा गए और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, लेकिन शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई। रुईधासा मिशन रोड स्थित काली मंदिर, रेलवे मालगोदाम रोड, बस स्टैंड ओवरब्रिज, धरमगंज और पश्चिमपाली चौक समेत कई जगहों पर सड़क पर पानी जमा हो गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि नाले जाम रहने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर फैल जाता है।

इधर, तेज आंधी के कारण रुईधासा मुख्य सड़क समेत कई स्थानों पर पेड़ और टहनियां टूटकर बिजली के तारों पर गिर गईं। इससे कई इलाकों की बिजली आपूर्ति तीन से चार घंटे से अधिक समय तक बाधित रही। विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता विशाल चौधरी ने बताया कि आंधी से कई जगह तार टूट गए थे और टहनियां गिर गई थीं। विभागीय कर्मियों ने क्रेन और कटर की मदद से टहनियां हटाकर तारों की मरम्मत की। इसके बाद प्रभावित क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post