पौआखाली प्लस टू हाईस्कूल परिसर में छात्रों के बीच मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। घटना को लेकर एक छात्र ने पौआखाली थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद विद्यालय परिसर की सुरक्षा और छात्रों के अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
थाना को दिए आवेदन के अनुसार, पौआखाली निवासी छात्र प्लस टू हाईस्कूल में पढ़ता है। छात्र ने आरोप लगाया है कि विद्यालय परिसर में उसके और उसके साथियों के साथ कुछ छात्रों ने पहले गाली-गलौज की और बाद में मारपीट की। आवेदन में मो. मोईन खान, मो. मोहसिन खान और मो. शाहिद खान सहित अन्य छात्रों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। छात्र ने घटना के दौरान कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया है।
घटना के संबंध में सोशल मीडिया पर करीब नौ सेकेंड का एक वीडियो भी वायरल होने की बात सामने आई है। हालांकि, वायरल वीडियो की अखबार स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। वहीं, आवेदन में लगाए गए आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
छात्र के अनुसार, घटना के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई और थाना में लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कर दोषी छात्रों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई। घटना ने विद्यालय परिसर में बच्चों की सुरक्षा और अनुशासन व्यवस्था को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय परिसर में छात्रों की सुरक्षा और अनुशासन सुनिश्चित करना विद्यालय प्रबंधन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
इस संबंध में पौआखाली थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण ने बताया कि मामले से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है। मामला छात्रों के बीच का है और पुलिस इसकी जांच-पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, मामले में विद्यालय प्रबंधन का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
Post a Comment