बरारी प्रखंड में बाढ़ प्रभावित परिवारों की मुश्किलें अभी पूरी तरह कम नहीं हुई हैं। इसी बीच विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, बरारी के कार्यकर्ताओं ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया।
कार्यकर्ताओं ने प्रभावित परिवारों को चूड़ा, मुरमुरा, दालमोट, बिस्किट समेत अन्य सूखा राशन और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया। बाढ़ के कारण कई परिवारों के सामने भोजन और पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। राहत सामग्री मिलने से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिली।
विहिप-बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि आपदा की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा रहना सामाजिक जिम्मेदारी है। टीम ने ऐसे स्थानों पर पहुंचकर राहत सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया, जहां लोगों को इसकी अधिक आवश्यकता थी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बाढ़ का पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन प्रभावित परिवारों की परेशानियां अभी बरकरार हैं। जरूरतमंद लोगों तक भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
सेवा कार्य के दौरान कार्यकर्ताओं ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
Post a Comment