Top News

प्लास्टिक के नीचे रह रहे बाढ़ पीड़ितों से मिले प्रभारी मंत्री, सुनी समस्याएं

गंगा-कोसी की बाढ़ से प्रभावित कुरसेला प्रखंड के विस्थापित परिवारों का हाल जानने शनिवार को कला एवं संस्कृति मंत्री सह कटिहार जिला प्रभारी मंत्री प्रमोद कुमार रेलवे माल गोदाम पहुंचे। यहां प्लास्टिक के नीचे शरण लेकर रह रहे बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और राहत व्यवस्था की जानकारी ली।

प्रभारी मंत्री ने माल गोदाम परिसर में संचालित सामुदायिक किचन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, पेयजल सहित अन्य राहत सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद मेडिकल कैंप पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और बाढ़ प्रभावित लोगों को दी जा रही चिकित्सा सुविधा के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

प्रभारी मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए बिहार सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक किचन के माध्यम से भोजन, स्वास्थ्य शिविरों के जरिए चिकित्सा सुविधा तथा पशुपालकों के लिए पशु चारा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने अंचल पदाधिकारी अनुपम कुमारी को राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया। साथ ही बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी सहायता पहुंचाने को कहा।

मौके पर बरारी विधायक विजय सिंह सहित प्रशासनिक पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य लोग मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post