Top News

तेज रफ्तार पिकअप और स्विफ्ट डिजायर में आमने-सामने टक्कर, तीन घायल

मुरलीगंज। थाना क्षेत्र के दिनापट्टी में सोमवार को तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, मुरहो जाने वाली मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार पिकअप और स्विफ्ट डिजायर कार आमने-सामने आ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और मुरलीगंज पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अकमल हुसैन पुलिस बल एवं एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल घायलों की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट डिजायर कार का रजिस्ट्रेशन नंबर JH 10 CG 4526 है। वहीं, बोलेरो पिकअप के रजिस्ट्रेशन नंबर की जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post