Top News

12 सूत्री मांगों को लेकर माकपा व किसान सभा ने किया प्रदर्शन


मुरलीगंज। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) प्रखंड कमिटी मुरलीगंज एवं बिहार राज्य किसान सभा के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को 12 सूत्री मांगों को लेकर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अंचलाधिकारी किसलय कुमार को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे माकपा प्रखंड संयोजक कौशल सिंह राठौड़ ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के कारण किसान, मजदूर और आम लोग परेशान हैं। किसानों को समय पर खाद, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। वहीं, आम लोगों पर होल्डिंग, सफाई एवं पानी टैक्स का अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आम लोगों को साथ लेकर आंदोलन तेज किया जाएगा।

ज्ञापन में किसानों को सुलभ दर पर खाद, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने, फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी लागू करने तथा ‘बसेरा अभियान’ के तहत सभी भूमिहीन परिवारों को कम से कम पांच डिसमिल वास भूमि देने की मांग की गई। रजनी पंचायत के पर्चाधारियों को उनकी जमीन पर अविलंब दखल-कब्जा दिलाने और वार्ड संख्या चार में सीटी एक्ट के तहत पर्चा निर्गत करने पर रोक लगाने की मांग भी शामिल है।

इसके अलावा सभी पंचायतों में श्मशान घाट एवं मुक्तिधाम का निर्माण, पंचायत एवं नगर निकाय क्षेत्र में होल्डिंग, सफाई व पानी टैक्स की वसूली बंद करने तथा गरीब परिवारों को राशन कार्ड जारी कर प्रति परिवार 35 किलो अनाज देने की मांग की गई।

माकपा ने महंगाई पर रोक, प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में भ्रष्टाचार व अफसरशाही पर अंकुश, महिलाओं, दलितों एवं आदिवासियों पर अत्याचार रोकने तथा वृद्ध एवं विधवा लाभुकों को प्रतिमाह तीन हजार रुपये सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने की भी मांग उठाई। प्रदर्शन में विजेंद्र दास, रीना देवी, बुटनी देवी समेत पार्टी एवं किसान सभा के कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post