शहर के अंबेडकर टाउन हॉल के समीप सोमवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इसमें जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर देशभर में सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में मुख्य चुनाव आयुक्त को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
पत्रकारों से बातचीत में किशनगंज सदर विधायक कमरुल हुदा ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि यह धरना कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखना जरूरी है और चुनाव आयोग को जनता के विश्वास को मजबूत करने के लिए जवाबदेह होना चाहिए।
विधायक ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है। पार्टी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग सरकार और संबंधित संस्थाओं तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और इसे व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
धरना में जिला अध्यक्ष शहाबुल अख्तर, वरिष्ठ नेता प्रो. मुस्सबिर आलम, शमशीर अहमद, सरफराज खान, आजाद शाहिल, जमशेद, आदर्श साहा, सजल साहा, शमशुल हुदा, इमाम अली सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
Post a Comment