Top News

तीन स्कूलों में चोरी के बाद पुलिस ने बढ़ाई निगरानी


कोढ़ा। थाना क्षेत्र के तीन शिक्षण संस्थानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। राजकीय बुनियादी विद्यालय गेराबाड़ी, +2 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोढ़ा और +2 प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय कोढ़ा में रात्रि निगरानी के साथ पुलिस गश्ती बढ़ाई गई है।

मामले को लेकर एसडीपीओ सदर-2 कटिहार सुनील कुमार शर्मा एवं कोढ़ा थानाध्यक्ष पंकज आनंद ने तीनों विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यालय परिसर, भवन, कमरों, कार्यालय सहित अन्य संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन से पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।

एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि तीनों विद्यालयों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। रात के समय विशेष निगरानी के साथ पुलिस गश्ती भी बढ़ाई जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान राजकीय बुनियादी विद्यालय गेराबाड़ी की प्रधानाध्यापिका निधिमाला कुमारी, +2 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोढ़ा के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह एवं +2 प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय कोढ़ा के प्राचार्य राजेश सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post