Top News

नौकरी और समायोजन की मांग को लेकर सांख्यिकी स्वयंसेवकों ने की बैठक

बैसा प्रखंड मुख्यालय प्रांगण में सोमवार को बिहार राज्य मान्यता प्राप्त सांख्यिकी स्वयंसेवक संघ से जुड़े स्वयंसेवकों की बैठक हुई। बैठक में स्वयंसेवकों ने नौकरी एवं भविष्य की सुरक्षा को लेकर अपनी मांगों पर चर्चा की। स्वयंसेवकों ने नियमित/स्थायी रोजगार देने, पुनर्बहाली करने अथवा योग्यता एवं अनुभव के आधार पर विभिन्न सरकारी विभागों में समायोजित करने की मांग उठाई।

प्रखंड अध्यक्ष बिरबल कुमार चौपाल ने बताया कि सांख्यिकी विषय की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों का प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से पंचायत स्तर पर सांख्यिकी स्वयंसेवक के रूप में चयन किया गया था। स्वयंसेवकों को फसल कटाई प्रयोग (क्रॉप कटिंग), जन्म-मृत्यु पंजीकरण और आर्थिक जनगणना समेत कई सरकारी कार्यों में लगाया गया था। करीब तीन वर्षों तक कार्य कराने के बाद सरकार ने पैनल रद्द कर स्वयंसेवकों को काम से हटा दिया।

प्रखंड सचिव महादेव प्रसाद ने कहा कि उस समय स्वयंसेवकों को अन्य विभागों में समायोजित करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वर्षों बाद भी इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इससे बड़ी संख्या में स्वयंसेवक बेरोजगार हैं। कई स्वयंसेवकों की उम्र भी बढ़ चुकी है, जिससे उनके लिए दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं में अवसर सीमित हो गए हैं।

बैठक में मौजूद स्वयंसेवकों ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अपनी मांगों पर सकारात्मक पहल की उम्मीद है। बैठक में मो. इमरान, अशोक कुमार समेत अन्य स्वयंसेवक मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post