दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपी पौआखाली नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू मुखिया (45) को पुलिस ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नार्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज के पास स्थित एक होटल में छिपा हुआ था। पुलिस ने बंगाल पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ मनोज कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की तलाश में सिलीगुड़ी में छापेमारी की। गिरफ्तारी के बाद उसे किशनगंज लाया गया, जहां पूछताछ और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को पीड़िता ने पौआखाली थाने में आवेदन देकर लल्लू मुखिया के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। आरोप है कि 28 जुलाई की रात पंचायती के बहाने पीड़िता, उसके पति और बेटी को बुलाया गया था। इसके बाद पीड़िता को बहला-फुसलाकर किशनगंज के एक होटल में ले जाया गया, जहां नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया। मामले में पौआखाली थाने में कांड संख्या 120/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि मेडिकल जांच समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, अहमद हुसैन उर्फ लल्लू मुखिया का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2009 से अब तक पौआखाली थाने में उसके खिलाफ आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि सुखानी थाने में भी एक मामला दर्ज है।
Post a Comment