Top News

ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यालय में ठेकेदार और कार्यपालक अभियंता में नोकझोंक, डंडा उठाने का आरोप



ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल-1 के रूईधासा स्थित कार्यालय में गुरुवार को कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार और संवेदक गुलाम सुब्हानी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। संवेदक ने कार्यपालक अभियंता पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और डंडा उठाकर मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। हालांकि, कार्यालय कर्मियों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया।

संवेदक के अनुसार, वर्ष 2025 में पूरा किए गए निर्माण कार्य का कंप्लीशन सर्टिफिकेट लेने के लिए उन्होंने करीब दो माह पूर्व आवेदन दिया था। उनका आरोप है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद प्रमाणपत्र पर हस्ताक्षर किए गए, लेकिन तिथि अंकित नहीं की गई, जिससे प्रक्रिया लंबित रही।

गुरुवार को इसी मामले में जानकारी लेने पहुंचे संवेदक और कार्यपालक अभियंता के बीच विवाद बढ़ गया। संवेदक का आरोप है कि बहस के दौरान कार्यपालक अभियंता ने डंडा उठा लिया और उनकी ओर बढ़े। कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली।

संवेदक ने कार्यपालक अभियंता के व्यवहार की शिकायत जिलाधिकारी से करने की बात कही है। वहीं, कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार ने मामले में प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। घटना के बाद विभागीय कार्यालय में दिनभर चर्चा होती रही। इधर, जिलाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post