रुपौली रेफरल अस्पताल में दवा व ब्लीचिंग पाउडर का पर्याप्त स्टॉक, मोहनपुर APHC में एक माह में 101 प्रसव; ऑक्सीजन सिलेंडर तैयार नहीं मिलने पर कर्मियों को फटकार
रुपौली/बालमुकुन्द यादव
सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया ने गुरुवार को रेफरल अस्पताल रुपौली और APHC मोहनपुर का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) और डॉ. के.एम. दास भी थे। निरीक्षण के दौरान लेबर रूम, दवा स्टॉक, ऑक्सीजन सहित चिकित्सा उपकरणों और अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था की पड़ताल की गई।
रुपौली में व्यवस्थाओं में सुधार
रेफरल अस्पताल के लेबर रूम रजिस्टर, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य उपकरणों की जांच की गई। अस्पताल में पूर्व की तुलना में व्यवस्थाओं में सुधार मिला। लेबर रूम रजिस्टर के अंतिम पेज का सिंक्रोनाइजेशन भी सही पाया गया। आवश्यक दवाओं का स्टॉक पर्याप्त मिला। अस्पताल में ब्लीचिंग पाउडर के 80 बैग उपलब्ध थे।
मोहनपुर में 101 प्रसव, चादरों का स्टॉक भी पर्याप्त
APHC मोहनपुर में पिछले महीने 101 सफल प्रसव कराए जाने की जानकारी मिली। यहां सफाई व्यवस्था और जनरेटर का संचालन दुरुस्त पाया गया। दवाओं का स्टॉक भी संतोषजनक था। केंद्र पर 50 बैग ब्लीचिंग पाउडर उपलब्ध मिले।
चादर नहीं होने की खबर को बताया तथ्यहीन
निरीक्षण के दौरान APHC में चादरों की उपलब्धता पर्याप्त पाई गई। सिविल सर्जन ने हाल में प्रकाशित चादर उपलब्ध नहीं होने संबंधी खबर को तथ्यहीन बताया। उन्होंने कहा कि खबर में जिस BHM का उल्लेख किया गया था, वह पूर्व में यहां पदस्थापित थे।
सिलेंडर तैयार नहीं मिला, दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
केंद्र पर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर चालू हालत में मिला, लेकिन उपलब्ध ऑक्सीजन सिलेंडर तत्काल उपयोग के लिए पूरी तरह तैयार नहीं था। इस पर सिविल सर्जन ने संबंधित कर्मियों को तत्काल सिलेंडर को उपयोग योग्य स्थिति में रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के अंत में सिविल सर्जन ने स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं को लगातार दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।

Post a Comment