Top News

नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 952 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गलगलिया थाना क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 952 ग्राम हेरोइन/ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।

एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि डीकोटाली वार्ड संख्या-4 निवासी मो. जलाल अपने घर में मादक पदार्थ रखकर खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में गलगलिया थानाध्यक्ष पुअनि राकेश कुमार और एसएसबी की टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की।

तलाशी के दौरान 952 ग्राम हेरोइन/ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से मो. जलाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घर में मादक पदार्थ रखकर खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों और तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मामले में गलगलिया थाना कांड संख्या 89/26, दिनांक 2 सितंबर 2026 को धारा 8(सी)/21(सी)/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post