रूपौली/ बालमुकुंद यादव
पूर्णिया जिले में गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान और उपचार के लिए बुधवार से ‘जांच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार’ महाअभियान शुरू हुआ। राज्यव्यापी अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने किया। जिले में अभियान की शुरुआत रूपौली प्रखंड मुख्यालय में विधायक कलाधर मंडल की अध्यक्षता में हुई।सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया ने कहा कि अभियान के तहत जिले के स्वास्थ्य संस्थानों के साथ विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की जांच की जाएगी। इसमें मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सामान्य कैंसर, हृदय रोग, सांस एवं फेफड़ों से संबंधित बीमारी और फैटी लिवर की स्क्रीनिंग की जाएगी। बीमारी की पहचान होने पर मरीजों को आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा
समय पर जांच से गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव
सिविल सर्जन ने कहा कि गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान और उपचार बेहद जरूरी है। अभियान के माध्यम से लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित किया जाएगा। विशेष स्वास्थ्य शिविरों के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।जिला गैर-संचारी रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि अभियान 2 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित खान-पान और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या आयोजित स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर जांच कराएं
ये रहे मौजूद कार्यक्रम में डॉ. सुभाष कुमार सिंह, डॉ. के.एम. दास, रेफरल अस्पताल रूपौली प्रभारी डॉ. नीरज कुमार, डीपीएम सुरेंद्र कुमार दास, डीपीसी डॉ. सुद्धांशु शेखर, केशव कुमार,एपिडेमियोलॉजिस्ट नीरज कुमार निराला, बीडीओ सत्येंद्र कुमार सिंह, सीओ शिवानी सुरभि सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।



Post a Comment