पूर्णिया ईस्ट प्रखंड अंतर्गत घोरघाट वार्ड नंबर-1 स्थित अनुसूचित जनजाति टोला में आयोजित संत रविदास विकास शिविर का विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण किया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे महिला-पुरुषों से विधायक ने क्षेत्र की समस्याओं के साथ-साथ सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली।
इस अवसर पर विधायक विजय खेमका ने संत रविदास जी की 650वीं जयंती के संदर्भ में उनके जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को शांति, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। एनडीए सरकार द्वारा संत रविदास जी की जयंती वर्ष के अवसर पर अनुसूचित जाति-जनजाति बहुल टोलों में लगातार विकास शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
विधायक ने शिविर में ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदनों की जानकारी ली और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच भी कराई।
मौके पर विकास मित्र, विभिन्न विभागों के कर्मी, वार्ड सदस्य, समिति सदस्य सहित भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Post a Comment