कोलासी। कोलासी क्षेत्र में कारी कोसी नदी में डूबने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, दो सितंबर की दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच बच्चा कारी कोसी नदी के समीप स्नान करने गया था। इसी दौरान वह अचानक नदी के गहरे पानी में चला गया और डूब गया। काफी खोजबीन के बावजूद जब बच्चे का पता नहीं चला तो स्थानीय लोगों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। स्थानीय जनप्रतिनिधि सुनील रजक के अनुसार, फुटेज में बच्चे को नदी की ओर जाते हुए देखा गया।
इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में बच्चे की तलाश शुरू की गई। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान कोलासी, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार निवासी संजीत ऋषि के सात वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मासूम की मौत से पूरे परिवार में शोक की लहर है।
Post a Comment