Top News

शौच के लिए गई 52 वर्षीय महिला सौरा नदी में डूबी, तीन दिन से लापता - एसडीआरएफ जुटी तलाश में

पूर्णिया पूर्व/ राजेश यादव 

मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बेलौरी स्थित श्रीराम टोला से शौच के लिए निकली 52 वर्षीय महिला पिछले तीन दिनों से लापता है। महिला के सौरा नदी में डूबने की आशंका को लेकर रविवार सुबह से एसडीआरएफ की टीम नदी में सर्च अभियान चला रही है।

मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम के वार्ड संख्या-42 अंतर्गत श्रीराम टोला, बेलौरी निवासी दिनेश ऋषि की पत्नी भूलो देवी (52) बीते 17 सितंबर को सुबह सौरा नदी किनारे शौच के लिए गई थीं। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

लापता महिला के देवर शंकर ऋषि ने बताया कि 17 सितंबर से ही भाभी लापता हैं। काफी तलाश के बाद नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है।घटना की सूचना वार्ड पार्षद प्रतिनिधि चंदन भगत के माध्यम से एसडीआरएफ को दी गई। सूचना मिलते ही रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सौरा नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।एसडीआरएफ के हवलदार तारकेश्वर चौधरी ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम घटनास्थल पर पहुंची है और नदी में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिला था।

Post a Comment

Previous Post Next Post