बारसोई प्रखंड की बिघौर व हारनारोई पंचायत में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर आवेदन दिए। कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया।
बिघौर पंचायत भवन में शिविर का उद्घाटन एसडीओ राजू कुमार, बीडीओ चंदन प्रसाद, प्रखंड प्रमुख मोहम्मद जिन्ना, मुखिया प्रतिनिधि मुजफ्फर हुसैन व विधायक प्रतिनिधि सागर साह ने संयुक्त रूप से किया। एसडीओ ने कहा कि शिविर में तत्काल निष्पादित नहीं होने वाले मामलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत 30 दिनों के भीतर निपटाने का प्रयास किया जाएगा। लापरवाही पर संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, हारनारोई पंचायत में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 368 आवेदन प्राप्त हुए। बीपीआरओ, आरओ, बीएओ, पीओ, पंचायत सचिव व राजस्व कर्मचारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। हालांकि शिक्षा, मत्स्य, स्वच्छता और समाज कल्याण विभाग के कर्मियों की अनुपस्थिति पर जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम ने नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की।
मुखिया बेलाल कादरी ने कहा कि पंचायत में अधिकारियों की नियमित मौजूदगी से ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए 25 से 30 किलोमीटर दूर प्रखंड कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और पैसे की बचत होगी।
शिविर में ग्रामीणों ने वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की। अब ग्रामीणों की नजर प्राप्त आवेदनों के निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन पर है।
Post a Comment