Top News

बेकाबू रफ्तार ने बुझाया घर का चिराग, मैट्रिक की तैयारी कर रही छात्रा की मौत


कोढ़ा थाना क्षेत्र के सेमापुर मोड़ के समीप एनएच-31 पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्रा अनामिका कुमारी की मौत हो गई। हादसे ने एक परिवार के उन सपनों को चकनाचूर कर दिया, जिसमें बेटी के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदें जुड़ी थीं। मृतका कोढ़ा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-10 की निवासी बताई गई है। 

बताया गया कि अनामिका घर का जरूरी सामान लेने के लिए चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान सेमापुर मोड़ के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे कोढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

अनामिका तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और पढ़ाई में काफी होनहार बताई गई। वह इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पिता पंकज पंडित ने बेटी के बेहतर भविष्य के लिए कई सपने संजोए थे। मैट्रिक के बाद उसका दाखिला अच्छे एवं प्रतिष्ठित संस्थान में कराने की तैयारी थी। बेटी की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 

घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह मृतका के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने तथा संभव मदद का भरोसा दिया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सेमापुर मोड़ व्यस्त क्षेत्र है और यहां वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर हादसे का कारण बनती है। लोगों ने प्रशासन से एनएच-31 के संवेदनशील स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रॉसिंग एवं चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। 

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के बाद फरार अज्ञात वाहन एवं चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post