Top News

एक छत के नीचे सुनी गईं ग्रामीणों की समस्याएं, फलका में लगा शिविर


सोहथा दक्षिण पंचायत के फलका हाट परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंचायत के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर का उद्घाटन कोढ़ा विधायक कविता पासवान, जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं उप विकास आयुक्त नेहा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

पंचायत की मुखिया अनीता गुप्ता ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन और शिकायतें प्राप्त की गईं। विभागवार लगाए गए स्टॉलों पर अधिकारियों एवं कर्मियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया।

इस दौरान ग्रामीणों को केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभुकों को आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों से अवगत कराया गया। डीएम ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।

ग्रामीणों की भागीदारी पर डीएम ने प्रसन्नता जताते हुए मुखिया अनीता गुप्ता के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

मौके पर कटिहार एसडीएम, बीडीओ सन्नी सौरभ, सीओ सोमी पोद्दार, थानाध्यक्ष प्रहलाद कुमार यादव, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अश्वनी कुमार, बीपीएम प्रीति कुमारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post