जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोचाधामन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3420 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब लदे ट्रक को भी जब्त कर लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल की ओर से शराब की बड़ी खेप कोचाधामन थाना क्षेत्र में आने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस उपाधीक्षक यातायात राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कोचाधामन थानाध्यक्ष पुनीत इजहार आलम समेत पुलिस बल ने मोहरमारी स्थित जय बजरंगबली चौक के पास वाहन जांच शुरू की।
इसी दौरान किशनगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक (निबंधन संख्या NL03AA8874) को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। ट्रक की तलाशी लेने पर विभिन्न ब्रांड की कुल 3420 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 481/2026, दिनांक 16 सितंबर 2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसपी ने बताया कि शराब की खेप के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। तस्करी में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। साथ ही शराब तस्करी से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक यातायात राजेश कुमार सिंह, कोचाधामन थानाध्यक्ष पुनीत इजहार आलम, पुलिस पदाधिकारी, जिला आसूचना इकाई के कर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
Post a Comment