राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित कावेश्वर उत्क्रमित उच्चतर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डॉ. नीलू रानी ने सम्मान में मिली 30 हजार रुपये की राशि विद्यालय के विकास के लिए दान कर मिसाल पेश की।शिक्षक दिवस के अवसर पर पटना में राजकीय सम्मान मिलने के बाद विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया।
विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में डॉ. नीलू रानी ने शिक्षा विभाग से पुरस्कार के रूप में प्राप्त 30 हजार रुपये का चेक विद्यालय को सौंपते हुए कहा कि इस राशि का उपयोग विद्यार्थियों की बेहतरी और विद्यालय के विकास में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजकीय सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों का सम्मान है।
बताया गया कि शिक्षक दिवस पर पटना में आयोजित समारोह में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के हाथों डॉ. नीलू रानी को राजकीय शिक्षक पुरस्कार प्रदान किया गया था। उनके विद्यालय पहुंचने पर गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया गया। समारोह में शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और ग्रामीणों ने उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।
इस दौरान विद्यालय की जमीनदाता के परिजनों, जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों को अंगवस्त्र व कलम भेंटकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के शिक्षकों को मोमेंटो, अंगवस्त्र, माला एवं प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया।
डॉ. नीलू रानी ने कहा कि विद्यालय परिवार और ग्रामीणों का सहयोग उन्हें हमेशा मिलता रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने और विद्यालय को निरंतर आगे ले जाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की बात कही।
Post a Comment