Top News

नगर निगम की 14 नाला योजनाओं की मंजूरी को विधायक खेमका ने उठाई आवाज


सदर विधायक विजय खेमका ने पटना में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से मुलाकात कर पूर्णिया नगर निगम के विकास एवं लंबित योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। विधायक ने नगर निगम क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मंत्री के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र क्रियान्वयन का आग्रह किया।

विधायक ने अमृत फेज-2 एवं स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज सिस्टम के तहत पूर्णिया शहर में जल निकासी और सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्तावित 14 प्रमुख नाला निर्माण योजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की। इनमें गुलाबबाग जीरो माइल से सोनौली चौक होते हुए मानुषमारा धार, लाइन बाजार से कुंदीपुल, बिहार टॉकीज मोड़ से रामबाग होते हुए रेलवे गुमटी, लाइन बाजार होप अस्पताल से भूतनाथ मंदिर होते हुए लालगंज नाला-निशा स्कूल, अरबिया कॉलेज से नेवालाल चौक, हांसदा रोड से शास्त्री नगर होते हुए जीरो माइल, डॉ. केएन सिंह से हजरतगंज होते हुए रूईगोला पुल सहित अन्य प्रमुख मार्गों के नाले शामिल हैं।

इसके अलावा सिंघिया टोला-बेगमबाग, मेन रोड, नाका चौक-पूर्णिया सिटी से पुराणदेवी मंदिर, हुसैन चौक से चिमनी बाजार होते हुए दरगाह शरीफ, रामबाग-पंचवटी कॉलोनी से भय भावेश चौधरी बांध, सोनौली चौक से बजाज स्कूल-चंदननगर चौक तथा डोनर चौक से जनता चौक होते हुए डीआईजी क्षेत्र तक नाला निर्माण का प्रस्ताव रखा गया।

विधायक ने कहा कि इन नालों के निर्माण से शहर में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा और बरसात के दौरान जलजमाव से लोगों को होने वाली परेशानी कम होगी। उन्होंने सौरा नदी पर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट, खुश्कीबाग, भट्ठा बाजार एवं मधुबनी बाजार को आधुनिक हाट बाजार के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी दिया।

इसके साथ ही गुलाबबाग मेला ग्राउंड, डीएवी, रामबाग एवं बनभाग-मधुवनी क्षेत्र को ग्रीन जोन बनाने तथा शहर के भूमिहीन परिवारों के लिए रजनी चौक एवं बिहार टॉकीज के समीप आधुनिक बहुमंजिला आवास निर्माण का प्रस्ताव रखा गया।

विधायक ने पूर्णिया नगर निगम को छठी वित्त, 15वीं एवं 16वीं वित्त आयोग सहित अन्य मदों से मिलने वाली राशि में वृद्धि का आग्रह भी मंत्री से किया। मंत्री नीतीश मिश्रा ने आश्वस्त किया कि पूर्णिया नगर निगम को सुविधायुक्त एवं विकसित बनाने के लिए विधायक द्वारा दिए गए प्रस्तावों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने मंत्री को पूर्णिया आने का आमंत्रण भी दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post