बिहार-बंगाल सीमा पर खौफनाक वारदात! दो महिलाओं पर बर्बर हमला, एक की मौत… दुष्कर्म की आशंका से मचा हड़कंप
बिहार के कटिहार जिले में पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे इलाके में दो महिलाओं के साथ हुई बर्बर वारदात ने दोनों राज्यों की पुलिस को अलर्ट कर दिया है। अमदाबाद थाना क्षेत्र के बहरसाल दियारा में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले की रहने वाली दो महिलाओं पर अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है और पश्चिम बंगाल के मालदा में उसका इलाज चल रहा है।
घटना को लेकर दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घायल महिला के बयान के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर क्षेत्र की रहने वाली चांदी मंडल और रुम्पा मंडल मवेशियों के लिए चारा लेने बिहार के कटिहार जिले के बहरसाल दियारा इलाके में पहुंची थीं। दोनों महिलाएं अक्सर इस इलाके में घास काटने आती थीं। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने दोनों को निशाना बनाकर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में चांदी मंडल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रुम्पा मंडल गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल इलाज के लिए मालदा भेजा गया। वहीं मृतका के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दो राज्यों की पुलिस जांच में जुटी
मामला बिहार और पश्चिम बंगाल की सीमा से जुड़ा होने के कारण घटना की सूचना मिलते ही दोनों राज्यों की पुलिस हरकत में आ गई। बिहार पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस की टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों महिलाओं को किसने और किस वजह से निशाना बनाया। जांच के दौरान पुरानी रंजिश, आपसी विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को भी खंगाला जा रहा है।
दुष्कर्म की आशंका, रिपोर्ट का इंतजार
इस वारदात को लेकर दोनों महिलाओं के साथ दुष्कर्म किए जाने की आशंका भी सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों के अनुसार, मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गंभीर रूप से घायल महिला के बयान के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठ सकेगा।
फिलहाल इस घटना ने बिहार-बंगाल सीमा क्षेत्र में दहशत फैला दी है। एक महिला की हत्या, दूसरी की गंभीर हालत और दुष्कर्म की आशंका ने मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर दोनों महिलाओं पर हमला किसने किया और इस खौफनाक वारदात के पीछे की असली वजह क्या है।

Post a Comment