Top News

दो साल में दूसरी बार मवेशी चोरी, वृद्ध किसान ने लगाई पुलिस से गुहार



 मुरलीगंज थाना क्षेत्र के पकिलपार गांव वार्ड संख्या-4 में सोमवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक किसान के दरवाजे पर बंधी दुधारू भैंस और उसके पाड़ा की चोरी कर ली। इस घटना से किसान को करीब 1.12 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। परिवार की आजीविका का मुख्य साधन भैंस होने के कारण पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।

पीड़ित किसान भूमि यादव ने बताया कि सोमवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। उनके दो पोते भी दरवाजे पर सो रहे थे। देर रात अज्ञात चोर दरवाजे पर बंधी दुधारू भैंस और उसके पाड़ा को खोलकर फरार हो गए। मंगलवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो दोनों पशु गायब मिले। आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

भूमि यादव ने बताया कि चोरी हुई दुधारू भैंस की कीमत करीब एक लाख रुपये और पाड़ा की कीमत लगभग 12 हजार रुपये है। उन्होंने कहा कि परिवार का गुजारा इसी भैंस के दूध की बिक्री से चलता था। भावुक होकर उन्होंने बताया कि दो वर्ष पहले भी उनके दो मवेशियों की चोरी हो चुकी है। उनका बेटा पंजाब में मजदूरी करता है, जबकि उनकी उम्र करीब 80 वर्ष है। उन्होंने कहा, "अब परिवार का पालन-पोषण कैसे होगा, समझ में नहीं आ रहा है।"

घटना की सूचना मुरलीगंज थाना पुलिस को दे दी गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष नूरूल हक ने बताया कि आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post