Top News

24 साल देश सेवा के बाद गांव लौटे सेवानिवृत्त नायब सूबेदार, ग्रामीणों ने बैंड-बाजे और फूल-मालाओं से किया भव्य स्वागत

:




मुरलीगंज प्रखंड के जोरगामा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-1 निवासी भारतीय सेना के सेवानिवत्त नायब सूबेदार जय प्रकाश यादव के अपने पैतृक गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। उनके आगमन पर गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बैंड-बाजे, फूल-मालाओं और भारत माता के जयकारों के बीच ग्रामीणों ने उनका अभिनंदन किया। महिलाओं ने तिलक लगाकर आरती उतारी, जबकि युवाओं ने अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इजहार करते हुए आतिशबाजी की।

जय प्रकाश यादव वर्ष 2002 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। करीब 24 वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद वे नायब सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त होकर अपने गांव लौटे हैं। वे स्वर्गीय शत्रुघ्न यादव के पुत्र हैं। उनके बड़े भाई जयकुमार यादव वर्तमान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं। जय प्रकाश यादव ने सेना में सिपाही के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी और पदोन्नति प्राप्त करते हुए नायब सूबेदार के पद तक पहुंचे।

उनके चचेरे भाई एवं सेवानिवृत्त सैनिक पवन यादव ने बताया कि वे और जय प्रकाश यादव एक ही दिन भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। उन्होंने कहा कि परिवार के अधिकांश सदस्यों ने सेना में रहकर देश सेवा की है और आज भी कई सदस्य विभिन्न सुरक्षा बलों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

सेवानिवृत्त नायब सूबेदार जय प्रकाश यादव ने कहा कि भारतीय सेना में सेवा करने का अवसर मिलना उनके जीवन का सबसे बड़ा गौरव रहा है। उन्होंने कहा कि अब वे समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे तथा युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में सेना में भर्ती की तैयारी कर देश सेवा का अवसर प्राप्त करने की अपील की। उनके अनुसार भारतीय सेना में सेवा करना गर्व और सम्मान की अनुभूति कराता है।

उन्होंने सरकार से अग्निवीर योजना पर पुनर्विचार करने की अपील भी की। उनका कहना था कि योजना लागू होने के बाद युवाओं में सेना भर्ती को लेकर पहले जैसी उत्सुकता नहीं रही है। युवाओं के मनोबल और सेना में दीर्घकालिक सेवा की भावना को देखते हुए इस व्यवस्था की समीक्षा किए जाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में चंद्रकिशोर कुमार, सत्यनारायण यादव, नरेश कुमार, गौरव यादव, अमर कुमार राज, नीतीश कुमार, अमृत राज, अरुण यादव, संतोष यादव, मदन यादव, कैलाश यादव, सदानंद पासवान, शिव शंकर, ओम प्रकाश, बेचन कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post