कोढ़ा/फलका। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर शुक्रवार को गेराबाड़ी और फलका बाजार में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई। दोनों बाजारों की मुख्य सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोग घंटों जाम में फंसे रहे। कई जगह वाहन रेंगते नजर आए, जबकि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया।
गेराबाड़ी बाजार में दोपहर के समय वाहनों का दबाव अचानक बढ़ने से सड़क के दोनों ओर जाम लग गया। राखी, मिठाई और उपहारों की खरीदारी के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। कोढ़ा पुलिस ने यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया, लेकिन वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी के कारण जाम की स्थिति बनी रही।
वहीं, फलका बाजार में दोपहर करीब एक से तीन बजे तक मुख्य सड़क पर भीषण जाम रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे अतिक्रमण, अस्थायी दुकानें और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण SH-77 पर सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। इसके चलते बाइक, ऑटो और चारपहिया वाहन लंबे समय तक फंसे रहे। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को उमस और गर्मी में विशेष परेशानी हुई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य कराया। स्थानीय लोगों ने त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक प्रबंधन तथा SH-77 को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्थायी समाधान के बिना पर्व-त्योहार और हाट के दिनों में जाम की समस्या दोहराती रहेगी।
Post a Comment