वेतन वृद्धि, सेवा स्थायीकरण और अन्य लंबित मांगों को लेकर किशनगंज नगर परिषद के सफाईकर्मी बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। विरोध स्वरूप कर्मचारियों ने डेमार्केट रोड पर कचरा फेंककर प्रदर्शन किया और नगर परिषद कार्यालय का घेराव कर कार्यपालक पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
सफाईकर्मियों ने कहा कि वर्षों से कार्य करने के बावजूद उन्हें स्थायी सेवा और सम्मानजनक वेतन नहीं मिला है। महंगाई के दौर में वर्तमान वेतन से परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
कर्मचारियों ने बताया कि बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर यह हड़ताल शुरू की गई है। उनका कहना है कि हड़ताल की पूर्व सूचना पहले ही नगर परिषद प्रशासन को दे दी गई थी, लेकिन वार्ता की कोई पहल नहीं हुई।
हड़ताल के कारण शहर के कई इलाकों में कचरा उठाव प्रभावित हो गया है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
Post a Comment