Top News

नदी में डूब रहे मां-बेटे समेत तीन लोगों को पुलिस ने बचाया, जवानों ने लगाई जान की बाजी


कोचाधामन प्रखंड के चैनपुर स्थित कनकई नदी में डूब रहे एक महिला, उसके मासूम बच्चे और टोटो चालक की जान विशनपुर थाना पुलिस ने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से बचा ली। पुलिस के इस साहसिक रेस्क्यू की पूरे इलाके में जमकर सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को विशनपुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में दिवा गश्ती पर थे। उनके साथ सिपाही विभीषण कुमार, महिला सिपाही आँचल कुमारी तथा जवान देवेंद्र प्रसाद दास भी मौजूद थे। इसी दौरान चैनपुर स्थित कनकई नदी के पास एक टोटो अचानक अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा।

टोटो में चालक के अलावा करिश्मा (पति- गुलसलाम आलम), निवासी थाना कोचाधामन, जिला किशनगंज और उनका मासूम बच्चा सवार था। हादसा होते ही तीनों नदी में फंस गए और डूबने लगे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार ने बिना देर किए अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। उनकी टीम ने भी तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला, उसके मासूम बच्चे और टोटो चालक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।

समय रहते किए गए इस साहसिक रेस्क्यू अभियान से तीनों की जान बच गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम की बहादुरी और तत्परता की जमकर सराहना की। लोगों का कहना था कि यदि पुलिस कुछ मिनट भी देर कर देती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में लोगों की जान बचाने के लिए भी हमेशा तत्पर रहती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post