बलरामपुर विधानसभा की विधायक संगीता देवी ने रविवार को बारसोई अनुमंडल अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. उस्मानी, डॉ. प्रेम कुमार सहित अन्य चिकित्सक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद विधायक ने बताया कि उन्हें लगातार मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायतें मिल रही थीं कि अस्पताल में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है तथा मरीजों को कई बार डॉक्टरों का लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने स्वयं अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
विधायक के साथ विधायक प्रतिनिधि राजेश कुमार साह, रोहन कुमार महतो और सागर कुमार साह भी मौजूद रहे। उन्होंने दवा वितरण काउंटर, एक्स-रे कक्ष सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। जहां भी कमियां मिलीं, वहां संबंधित अधिकारियों को जल्द सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने तथा अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार लाने के निर्देश दिए।
विधायक के औचक निरीक्षण और समस्याओं के समाधान के लिए दिए गए निर्देशों से अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों ने संतोष जताया। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार देखने को मिलेगा।
Post a Comment