मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सतडोभ गांव से करीब एक वर्ष पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए 15 वर्षीय सुजीत कुमार उर्फ गोलू का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बेटे की तलाश में उसकी मां रीता देवी पुलिस से लेकर आम लोगों तक से मदद की गुहार लगा रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई सफलता नहीं मिली है।
परिजनों के अनुसार, सुजीत मानसिक रूप से थोड़ा कमजोर है। 21 जुलाई 2025 की दोपहर करीब दो बजे वह घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान उसकी मां अपनी बेटी के घर चंपानगर गई थीं। आशंका है कि मां को घर में नहीं पाकर सुजीत उन्हें खोजते हुए बेलौरी चौक की ओर निकल गया। शाम करीब छह बजे जब रीता देवी घर लौटीं तो बेटा गायब था। स्थानीय लोगों ने बताया कि उसे आखिरी बार बेलौरी चौक के आसपास देखा गया था। इसके बाद पूरी रात परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
घटना के तुरंत बाद परिवार ने मुफस्सिल थाने में लिखित आवेदन देकर बच्चे की गुमशुदगी की सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने केवल सनहा दर्ज कर लिया और आश्वासन देने के बाद मामले को गंभीरता से नहीं लिया। रीता देवी का कहना है कि वह पिछले एक साल से लगातार थाने के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन बेटे की तलाश के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
बेटे की याद में व्यथित मां अब आम लोगों से भी मदद की अपील कर रही हैं। उन्होंने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति सुजीत कुमार उर्फ गोलू के बारे में सही सूचना देगा या उसे सुरक्षित ढूंढने में मदद करेगा, उसे ₹10,000 का नकद इनाम दिया जाएगा।
परिजनों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को सुजीत के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत निकटतम पुलिस थाना या उसके परिवार को सूचना दें, ताकि एक साल से बिछड़ा बेटा अपने घर लौट सके।
Post a Comment