समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके युवा समाजसेवी सोनू खान जकी के नेतृत्व में संचालित यूथ ब्लड डोनर्स क्लब, फलका लगातार जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो रहा है। क्लब ने अब तक 1300 से अधिक मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सोनू खान जकी स्वयं कई बार रक्तदान कर चुके हैं और वर्षों से युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करते आ रहे हैं। उनका मानना है कि किसी भी मरीज की जान सिर्फ रक्त की कमी के कारण नहीं जानी चाहिए। इसी उद्देश्य के साथ क्लब दिन-रात जरूरतमंदों तक रक्त पहुंचाने के अभियान में जुटा है।
सोनू खान जकी कहते हैं, "लोग कहते हैं कि क्या लेकर आए थे, क्या लेकर जाओगे। मैं कहता हूँ कि एक दिल लेकर आया हूँ, लेकिन हजारों दिलों में जगह बनाकर जाऊँगा।" उनकी यही सोच आज सैकड़ों युवाओं को समाजसेवा से जोड़ रही है।
क्लब से बल्थी महेशपुर के विक्की खान और पिंकू खान, सालेहपुर महेशपुर के शायर शम्स तबरेज़ सालेहपुरी, भरसिया के नासिर हैदर, फलका के कैसर रजा, मंटू बोस, अंजुम जमाल हाशमी, अजरूद्दीन उर्फ पप्पू, आसिफ इक़बाल, नुरैन तथा भंगहा के संतोष सोनी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता जुड़े हुए हैं। ये सभी सदस्य जरूरत पड़ने पर रक्तदाताओं की व्यवस्था कर मरीजों की मदद करते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यूथ ब्लड डोनर्स क्लब ने मानवता और निस्वार्थ सेवा की ऐसी मिसाल कायम की है, जिस पर पूरे क्षेत्र को गर्व है। रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और जरूरतमंदों तक समय पर रक्त पहुंचाने के इस अभियान की लगातार सराहना हो रही है। क्लब ने भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ मानव सेवा जारी रखने का संकल्प लिया है।
Post a Comment