Top News

दुर्गापुर–सहरिया सड़क बनी मुसीबत, गड्ढों में तब्दील मार्ग से ग्रामीणों में आक्रोश

:


बैसा  प्रखंड क्षेत्र के दुर्गापुर से सहरिया गांव तक जाने वाली सड़क की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और उखड़ी गिट्टियां होने के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद न तो संबंधित विभाग और न ही जनप्रतिनिधियों ने स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया है।

ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग है, जिस पर दिन-रात आवागमन होता है। सड़क की बदहाली के कारण वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। खासकर स्कूल आने-जाने वाले बच्चों के गिरकर घायल होने की आशंका हमेशा बनी रहती है।

ग्रामीणों के अनुसार, उनकी मांग पर ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) ने कुछ समय पहले सड़क की आंशिक मरम्मत कर केवल खानापूर्ति कर दी थी। इसके बाद सड़क का स्थायी निर्माण नहीं कराया गया। अब फिर से सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं।

बरसात के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की संभावना और बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस समस्या की अनदेखी कर रहे हैं।

सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अविलंब सड़क का स्थायी निर्माण कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post