भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज गांवपालिका-3 के कप्तानगंज में हुई हिंसक झड़प के दौरान पुलिस फायरिंग में घायल एक और युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही देवानगंज गोलीकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
नेपाल पुलिस के अनुसार, देवानगंज-3 निवासी 21 वर्षीय रवीन्द्र कुमार मेहता ने मंगलवार सुबह काठमांडू स्थित शिक्षण अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सुनसरी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पुष्पराज मल्ल ने उनकी मौत की पुष्टि की है।
बताया गया कि नेपाली तिथि सावन 10 को दो समूहों के बीच हुई हिंसक झड़प के दौरान पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के दिन ही 25 वर्षीय ओमप्रकाश मेहता की मौत हो गई थी, जबकि 22 वर्षीय जयप्रकाश मेहता ने बाद में विराटनगर के न्यूरो अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। अब रवीन्द्र कुमार मेहता की मौत के बाद इस घटना में मरने वालों की संख्या तीन हो गई है।
सरकार और आंदोलनकारी पक्ष के बीच सात सूत्रीय समझौते के बाद ओमप्रकाश और जयप्रकाश का अंतिम संस्कार शुक्रवार को घटनास्थल के निकट किया गया था।
उधर, देवानगंज गोलीकांड के विरोध में नेपाल के सिरहा जिले के गोलबजार में हुए प्रदर्शन के दौरान भी पुलिस फायरिंग में गणेश यादव की मौत हो गई थी, जिससे पूरे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नेपाल सरकार ने पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है। जांच पूरी होने के बाद ही पुलिस कार्रवाई और हिंसा की परिस्थितियों पर अंतिम तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।
Post a Comment