फलका थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसकी शादी कराने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर चिकित्सीय जांच के लिए भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, गयारहिका वार्ड संख्या-11 निवासी पीड़िता की मां ने फलका थाना में आवेदन देकर बताया कि 29 जुलाई को गांव की एक महिला उनकी पुत्री को साग तोड़ने का बहाना बनाकर अपने साथ ले गई। काफी खोजबीन के बाद परिजनों को पता चला कि कोढ़ा थाना क्षेत्र के चेथरियापीर निवासी युवक विजो कुमार ऋषि के साथ उसकी शादी करा दी गई है।
मामले की सूचना मिलते ही फलका थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक विजो कुमार ऋषि को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में कटिहार मंडल कारा भेज दिया गया।
फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद कुमार यादव ने बताया कि नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया है। उसे आवश्यक चिकित्सीय जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा इस घटना में शामिल अन्य आरोपितों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment