पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम के वार्ड 1, 2, 3 एवं 15 के लिए सिपाही टोला बाल मध्य विद्यालय तथा ईस्ट ब्लॉक के बीरपुर पंचायत भवन और रामपुर पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर का विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कुछ विभागों के अधिकारियों व कर्मियों की अनुपस्थिति तथा शिविर के पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए नोडल अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा शुरू की गई सहयोग शिविर योजना से आम लोगों को काफी राहत मिली है। अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि संबंधित विभाग शिविर में ही आवेदनों का निष्पादन कर रहे हैं।
इस दौरान विधायक ने जी-राम-जी योजना के तहत लाभुकों के बीच जॉब कार्ड तथा जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र का वितरण किया। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। शिविर में नगर निगम के वार्ड पार्षद, पंचायतों के मुखिया, उपमुखिया, पंचायत समिति सदस्य, भाजपा कार्यकर्ता तथा डीआरडीए निदेशक, जिला ट्रेजरी पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, बीपीआरओ, पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Post a Comment