Top News

आग ने छीना आशियाना, आदिल हसन ने बढ़ाया मदद का हाथ; चार परिवारों को राहत सामग्री

बारसोई प्रखंड अंतर्गत बलतर पंचायत के पहाड़पुर वार्ड नंबर-13 में हुई भीषण अगलगी में चार परिवारों के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। अगलगी की घटना में पीड़ित परिवारों के रहने के लिए घर तक नहीं बचा। घर में रखा राशन, खाने-पीने का सामान, बर्तन, कपड़े समेत अन्य जरूरी घरेलू सामग्री भी जलकर नष्ट हो गई।

घटना के बाद पीड़ित परिवारों की मदद के लिए एमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं बारसोई-बालरामपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी एडवोकेट आदिल हसन आगे आए। उनकी ओर से अग्निपीड़ित परिवारों के बीच साड़ी, कपड़े, प्लास्टिक, चावल समेत अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई।

एडवोकेट आदिल हसन ने कहा कि अगलगी से प्रभावित सभी परिवार गरीब और जरूरतमंद हैं। ऐसे संकट की घड़ी में उन्हें तत्काल सहायता की जरूरत है। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी समेत संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से पीड़ित परिवारों को सरकारी स्तर पर हर संभव सहायता एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि प्रभावित परिवार दोबारा अपना घर बसा सकें और सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।

बताया गया कि एडवोकेट आदिल हसन स्वयं मौके पर नहीं पहुंच सके। उनके निर्देश पर एमआईएम के बारसोई प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद मुजफ्फर के माध्यम से राहत सामग्री पीड़ित परिवारों तक पहुंचाई गई।

राहत सामग्री वितरण के दौरान एमआईएम प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद मुजफ्फर, वार्ड सदस्य मोहम्मद असलम सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। राहत मिलने पर पीड़ित परिवारों एवं ग्रामीणों ने एडवोकेट आदिल हसन के प्रति आभार जताया।

Post a Comment

Previous Post Next Post