Top News

कांग्रेस ने कसी कमर, संगठन विस्तार और बूथ सशक्तीकरण का मिलेगा प्रशिक्षण


बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से भागलपुर में आयोजित दो दिवसीय प्रखंड अध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए कटिहार जिला कांग्रेस कमेटी के प्रखंड अध्यक्षों का दल जिला अध्यक्ष संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में रविवार को भागलपुर के लिए रवाना हुआ। रवानगी के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारेबाजी करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। जिला अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रखंड स्तर पर संगठन को सशक्त बनाना, जनसंपर्क अभियान को प्रभावी करना और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए प्रखंड अध्यक्षों की नेतृत्व क्षमता को विकसित करना है।

उन्होंने बताया कि शिविर में प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता एवं प्रशिक्षक प्रखंड अध्यक्षों को संगठन विस्तार, बूथ सशक्तीकरण, जनहित के मुद्दों पर संघर्ष, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने को लेकर मार्गदर्शन देंगे।

भागलपुर रवाना होने वालों में बलरामपुर प्रखंड अध्यक्ष मो. हसनैन, बारसोई प्रखंड अध्यक्ष मो. शाहनवाज, कदवा प्रखंड अध्यक्ष इमाम जफर, डंडखोरा प्रखंड अध्यक्ष बबलू महतो, आजमनगर प्रखंड अध्यक्ष मो. आजम, प्राणपुर प्रखंड अध्यक्ष यशवंत कुमार सेठी, कटिहार प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार, हसनगंज प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन उरांव, नगर अध्यक्ष राज आनंद सिंह, नगर अध्यक्ष राजेश रंजन मिश्रा, फलका प्रखंड अध्यक्ष मो. वसीम, अमदाबाद प्रखंड अध्यक्ष मो. वहाब, मनिहारी प्रखंड अध्यक्ष कैलाश कुमार मंडल, मनसाही प्रखंड अध्यक्ष मो. कमरूल होडा, बरारी प्रखंड अध्यक्ष मो. सलीम, समेली प्रखंड अध्यक्ष नरेश कुमार मंडल, कुरसेला प्रखंड अध्यक्ष गणेश कुमार यादव तथा कोढ़ा प्रखंड अध्यक्ष गुड़िया कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

प्रशिक्षण शिविर को लेकर प्रखंड अध्यक्षों ने उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से संगठनात्मक कार्यों को नई दिशा मिलेगी। साथ ही कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post