Top News

राखी के धागों से जीडी गोयनका के बच्चों ने बांधा प्रशासन, पुलिस और समाज को


रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जीडी गोयनका विद्यालय, पूर्णिया के विद्यार्थियों ने 27 और 28 अगस्त को दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस जवानों, सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय दुकानदारों को राखी बांधी। इस दौरान बच्चों ने प्रेम, सम्मान, कृतज्ञता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।

27 अगस्त को विद्यार्थियों ने पूर्णिया के जिलाधिकारी अंशुल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन, अपर जिलाधिकारी राज कुमार गुप्ता, सहायक समाहर्ता सह सहायक दंडाधिकारी कुमुद मिश्रा, पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद तथा अन्य अधिकारियों एवं उनके सुरक्षाकर्मियों को राखी बांधी। बच्चों ने कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी को भी राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दूसरे दिन 28 अगस्त को विद्यार्थियों ने मुफस्सिल थाना पहुंचकर थानाध्यक्ष विवेक कुमार और पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। इसके बाद बिहार सैन्य पुलिस-7, कटिहार में एक सौ से अधिक जवानों और अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधी गई। बच्चों ने कटिहार के स्थानीय बाजार में दुकानदारों एवं व्यवसायियों को भी राखी बांधकर सामाजिक एकता का संदेश दिया।

विद्यार्थियों ने कटिहार के पुलिस उपाधीक्षक सद्दाम हुसैन, पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार तथा उनके सुरक्षाकर्मियों को भी राखी बांधी। इस दौरान अधिकारियों, जवानों और सुरक्षाकर्मियों ने बच्चों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना, सम्मान और मानवीय मूल्यों से जोड़ना है। विद्यालय की विभिन्न शिक्षिकाओं, शिक्षकों एवं कर्मियों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विद्यालय परिवार ने इस पहल में सहयोग करने वाले सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, जवानों, सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। दो दिवसीय अभियान ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सुरक्षा, सम्मान और आपसी विश्वास के बंधन को मजबूत करने का भी अवसर है।

Post a Comment

Previous Post Next Post