लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए बिहार की कमान अब सुरेंद्र विवेक उर्फ सुरेंद्र कुमार को सौंप दी है। बेगूसराय के रहने वाले सुरेंद्र विवेक को राजू तिवारी की जगह लोजपा (रामविलास) का नया बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी के इस फैसले के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सुरेंद्र विवेक साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र से दो बार चुनाव लड़ चुके हैं। लंबे समय से जमीनी राजनीति में सक्रिय रहने के कारण पार्टी नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने को बिहार में संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
ब्राह्मण की जगह भूमिहार को बिहार संगठन की कमान
लोजपा (रामविलास) के बिहार संगठन में हुआ यह बदलाव सामाजिक और राजनीतिक समीकरण के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब तक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे राजू तिवारी की जगह सुरेंद्र विवेक, जो भूमिहार समाज से आते हैं, को कमान दी गई है। ऐसे में पार्टी के इस फैसले को आगामी राजनीतिक रणनीति और सामाजिक समीकरणों से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सुरेंद्र विवेक के सामने सबसे बड़ी चुनौती पार्टी के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पुराने और नए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा चुनावी तैयारियों को धार देने की होगी। साहेबपुर कमाल से दो बार विधानसभा चुनाव लड़ने का अनुभव उनके लिए संगठन की कमान संभालने में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि जमीनी राजनीति का उनका अनुभव बिहार के अलग-अलग जिलों में संगठन विस्तार में काम आएगा।
सुरेंद्र विवेक की पत्नी चिकित्सक हैं। राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों के साथ उनका परिवार शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र से भी जुड़ा रहा है।
चिराग पासवान राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे
लोजपा (रामविलास) में केवल बिहार ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी संगठनात्मक बदलाव किए गए हैं। चिराग पासवान राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय संसदीय बोर्ड के चेयरमैन बने रहेंगे। ललित कुमार गौतम, हरमीत सिंह और एडवोकेट सरदार तारा सिंह को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। वहीं मनीषंकर पांडेय, मोहम्मद शमीम एम. हवा, वीरेंद्र प्रधान, कुंवर आसिम खान, डॉ. सत्यनंद शर्मा और डॉ. कामला कुमारी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। अब्दुल खालिक को राष्ट्रीय महासचिव और खगड़िया सांसद राजेश वर्मा को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वीणा देवी, राजू तिवारी, मिथिलेश कुमार सिंह और डॉ. सुखातो ए. सेमा समेत 12 नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रीय सचिव की सूची में आठ नेताओं को जगह मिली है।
समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी को छात्रा प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष
संगठन में युवा और महिला मोर्चे को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। प्रणब कुमार को राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष और चंद्र प्रभा भाटिया को राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष बनाया गया है।
समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी को छात्रा प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। वहीं राजेश पासवान को जेएमएस, एडवोकेट सुशील कुमार को विधि प्रकोष्ठ और धर्मेंद्र मिश्रा को किसान प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
चार सांसदों को राष्ट्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारी
लोजपा (रामविलास) ने बिहार के चार सांसदों को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं। इनमें अरुण भारती, वीणा देवी, शांभवी चौधरी और राजेश वर्मा शामिल हैं।
इसके अलावा सुगौली के विधायक राजेश कुमार, बेलसंड के अमित कुमार और एमएलसी अशरफ अंसारी समेत कई नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह दी गई है।
छह राज्यों में भी बदले प्रदेश अध्यक्ष
पार्टी ने बिहार के साथ कई अन्य राज्यों में भी संगठनात्मक बदलाव किए हैं। झारखंड में जनार्दन पासवान, छत्तीसगढ़ में शरत चंद पांडेय, आंध्र प्रदेश में सत्यनारायण चंदोलू, असम में अहमद अली अय्यूबी, कर्नाटक में एम.एस. जगन्नाथ और महाराष्ट्र में प्रमोद मनोहर कुडाले को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं दिल्ली में प्रणब कुमार और मध्य प्रदेश में अब्दुल खालिक को अस्थायी प्रभार सौंपा गया है।
कुल मिलाकर लोजपा (रामविलास) का यह संगठनात्मक फेरबदल आगामी राजनीतिक लड़ाइयों की तैयारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। खासकर बिहार में राजू तिवारी की जगह सुरेंद्र विवेक को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद अब सबकी नजर इस बात पर होगी कि नई टीम पार्टी के संगठन और सामाजिक समीकरणों को किस तरह साधती है।
Post a Comment