Top News

आपत्ति के बावजूद हुआ म्यूटेशन, आक्रोशित ग्रामीणों ने अंचल कार्यालय में किया हंगामा


कटिहार जिले के समेली अंचल कार्यालय में जमीन के म्यूटेशन को लेकर शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। खैरा वार्ड संख्या-9 निवासी उपेन्द्र मंडल और उनके परिजनों ने आपत्ति दर्ज होने के बावजूद पुश्तैनी जमीन का म्यूटेशन किए जाने का आरोप लगाते हुए अंचल कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अंचल कार्यालय की ओर से आपत्ति के निपटारे तक म्यूटेशन नहीं करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद 28 जुलाई को संबंधित जमीन का म्यूटेशन कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की।

घटना की सूचना मिलते ही समेली थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। अंचलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि यदि म्यूटेशन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि या अनियमितता हुई है तो पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इधर, जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में यदि किसी अधिकारी या कर्मी की लापरवाही अथवा अनियमितता सामने आती है तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन की पहल के बाद स्थिति सामान्य है, लेकिन ग्रामीण निष्पक्ष जांच और न्यायपूर्ण कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post